पटना , अक्टूबर 06 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को कहा कि बिहार कला, संस्कृति और ज्ञान की समृद्ध विरासत वाला प्रदेश है और प्रदेशवासियों को अपनी इस विरासत की अहमियत समझने और महसूस करने की जरूरत है।
श्री हसनैन ने आज पटना संग्रहालय में बिहार संग्रहालय समिति की ओर से कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना की प्राचार्या डॉ. राखी कुमारी की एकल कला प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि डॉ. कुमारी अपनी करीब 30 वर्षों के कला एवं ज्ञान के अनुभव को शिक्षक के रूप में नई पीढ़ी तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा को साझा करना और बच्चों की प्रतिभा को निखारना शिक्षकों का महत्वपूर्ण कार्य है।
राज्यपाल ने कहा कि पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय जैसी संस्थाओं के माध्यम से राज्य की कला एवं संस्कृति को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने डॉ. राखी कुमारी की पुस्तक 'छापा कला तकनीक' और कैटलॉग 'अदृश्य छाप' का विमोचन भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित