पटना , अगस्त 31 -- िहार के कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री डॉ.प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को पूर्व मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (कोलकाता) एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (प्रयागराज) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने पिछले वर्ष दोनों सांस्कृतिक क्षेत्रों की ओर से बिहार में आयोजित किए गए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यक्रमों में शामिल कलाकारों, उनकी प्रस्तुतियों तथा चयन प्रक्रिया से संबंधित पूरा विवरण अधिकारियों से मांगा।

मंत्री ने आगामी दिनों में दोनों सांस्कृतिक क्षेत्रों द्वारा बिहार में प्रस्तावित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने वाले विशेष कार्यक्रमों पर विशेष रूप से फोकस करने का सुझाव दिया।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार के कलाकारों और कला-संस्कृति की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने के लिए विभाग, सांस्कृतिक संस्थाओं और कलाकारों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने दोनों सांस्कृतिक क्षेत्रों से बिहार के कला क्षेत्र को राष्ट्रीय फलक पर पहचान दिलाने में किए गए योगदान की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित