पटना , सितंबर 01 -- िहार सरकार की मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने बिहार और झारखंड के बीच हुए सोन नदी जल समझौते को बिहार के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि यह समझौता बिहार के हितों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में मंगलवार को मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के विधि-सम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यक्रम के समन्वय के लिए प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्रीमती अंजुम आरा भी मौजूद थी।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने बिहार और झारखंड के बीच हुए सोन नदी जल समझौते को बिहार के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता बिहार के हितों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे लंबे समय से लंबित इन्द्रपुरी जलाशय परियोजना के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा तथा भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, पटना, गया एवं अरवल सहित कई जिलों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह समझौता बिहार के किसानों के हित में है और राज्य के जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ना देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह मजबूत वृद्धि दर इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है और तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित