पटना , मार्च 25 -- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में शुभारंभ हुआ।
आज आरम्भ हुई इस प्रतियोगिता में चार देशों के एवं देश के अठारह राज्यों के कुल 617 खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें एक ग्रैंडमास्टर , एक इंटरनेशनल मास्टर एवं तीन फीडे मास्टर (एफएम) भाग ले रहे हैं।
आज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर खेलते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी, रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बंगाल की रियाना खातून को फ्रेंच डिफेंस के खेल में 42 चालों में पराजित किया।
वहीं दो नम्बर बोर्ड पर बिहार के सितारे खिलाड़ी रेयान मोहम्मद ने सफेद मोहरों से ज़ुकेरटोर्ट ओपनिंग से खेलते हुए महज 25 चालों में स्थानीय खिलाड़ी कार्तिकेय नंदन को पराजित कर अपना विजय अभियान जारी रखा । तीन नम्बर बोर्ड बंगाल की आलेख्या मुखोपाध्याय ने वैभव मिश्रा को इंग्लिश ओपनिंग के खेल में मात्र 21 चालों में पराजित कर दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय ग्रैंडमास्टर एवं शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे नारायण श्रीनाथ ने रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ बाजी खेल कर किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के उप निदेशक हिमांशु सिंह ने सभी आगत अतिथियों का अपने संबोधन से स्वागत किया जबकि अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, एथलेटिक संघ के सचिव लियाकत अली, सिक्किम शतरंज संघ के सचिव महेंद्र ढकाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित