जगदलपुर , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के ग्राम कालीपुर की पुष्पलता नागे ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर खेती, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन के जरिए अपनी सालाना आय पांच से सात लाख रुपये तक पहुंचा ली है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्नातकोत्तर तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार नहीं मिलने पर पुष्पलता ने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। शुरुआती दौर में पूंजी की कमी उनके लिए बड़ी चुनौती थी। बैंक से ऋण लेने के प्रयास में गारंटर नहीं मिलने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
इसके बाद पुष्पलता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के तहत संचालित स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। समूह के माध्यम से उन्हें 60 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्होंने आधुनिक तरीके से खेती शुरू की और इससे हुई आय को अपने व्यवसाय के विस्तार में लगाया।
उन्होंने बाद में कुक्कुट पालन शुरू किया और इसके बाद मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी कदम रखा। विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के बाद उनकी आमदनी में लगातार वृद्धि हुई और वर्तमान में वह सालाना पांच से सात लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित