नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने सोमवार को कोलकाता स्थित विश्वस्तरीय बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर के बुनियादी ढांचे को रेखांकित करते हुए इसे बैठकों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों के लिए अद्वितीय बताया।
उन्होंने कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी कन्वेंशन सुविधाओं में से एक है और पूर्वी भारत में बैठकों, प्रोत्साहनों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों (माइस) पर्यटन के लिए एक बड़ी प्रेरणा की तरह है।
श्री ओ'ब्रायन ने "मॉर्निंग वॉक" शृंखला के तीसरे एपिसोड में कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर पश्चिम बंगाल की उस महत्वाकांक्षा को दर्शाता है, जिसके तहत राज्य खुद को वैश्विक स्तर पर व्यवसायिक आयोजनों और बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का प्रमुख गंतव्य बनाना चाहता है।
उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक इमारत नहीं है, बल्कि यह हमारे इरादों का बयान है। चार प्रदर्शनी हॉल, छह बैंक्वेट हॉल और 3,000 सीटों की क्षमता के साथ यह कन्वेंशन सेंटर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्थलों के समकक्ष खड़ा है।"कोलकाता के न्यू टाउन क्षेत्र में स्थित यह विशाल परिसर व्यापार मेलों, कॉरपोरेट शिखर सम्मेलनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में उभर कर सामने आया है। इसे बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों की मेजबानी के लिए उन्नत ऑडियो-विजुअल और कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
श्री ओ'ब्रायन ने वैश्विक यात्रा उद्योग में एमआईसीई पर्यटन के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इससे आतिथ्य, परिवहन और संबद्ध सेवाओं जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय आर्थिक गतिविधि उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा, "हर बड़ा सम्मेलन आगंतुक लाता है, रोजगार पैदा करता है, होटलों के लिए फायोमंद होता है और स्थानीय व्यवसायों को गति देता है। यह आर्थिक विकास और बंगाल की विश्वस्तरीय आयोजनों की मेजबानी क्षमता को प्रदर्शित करने का माध्यम है।"श्री ओ'ब्रायन द्वारा शुरू की गयी "मॉर्निंग वॉक" शृंखला का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं और विकास पहलों को उजागर करना है। इसके पिछले एपिसोड में उन्होंने नागरिक और शहरी परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया था और उन्हें जमीनी स्तर पर सरल प्रारूप में प्रस्तुत किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित