मुंबई , अक्टूबर 19 -- महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को कथित तौर पर मिले कानूनी संरक्षण को वापस लेने की मांग करने का आग्रह किया है। उन्होंने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की हत्या की कथित साजिश के बाद संगठित अपराध से निपटने की राज्य सरकार की क्षमता पर सवाल उठाए हैं ।
श्री सपकाल ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगस्त 2023 में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 268 के तहत एक आदेश जारी किया था, जिसके कारण दूसरे राज्यों की पुलिस बिश्नोई को पूछताछ के लिए गुजरात से बाहर नहीं ले जा सकती थी। उन्होंने कहा कि इस आदेश को हर साल एक वर्ष के लिए नवीनीकृत किया जाता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के कारण बिश्नोई जेल में रहते हुए भी हत्याओं की साजिश रच सका।
श्री सपकाल ने फडणवीस सरकार से केंद्र से इस संरक्षण को वापस लेने और बिश्नोई को पूछताछ के लिए मुंबई लाने की अनुमति सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया, "यदि मुंबई में दिनदहाड़े किसी अभिनेता पर गोली चलाई जा सकती है, तो क्या पुलिस तंत्र सो रहा है?" उन्होंने हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ होने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित