न्यूयॉर्क , फरवरी 27 -- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन एपस्टीन फाइल से संबंधित जांच के संबंध में शुक्रवार को न्यूयॉर्क में हाउस ओवरसाइट समिति के सामने पेश होने वाले हैं।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार बंद कमरे में होने वाली यह गवाही केंटकी के प्रतिनिधि जेम्स कोमर के लिए एक जीत है। रिपब्लिकलन पार्टी के सदस्य और ओवरसाइट समिति के अध्यक्ष श्री कोमर ने इस इस मामले में पूर्व राष्ट्रपति और उनकी पत्नी एवं विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के खिलाफ महीनों लंबी लड़ाई लड़ी थी।
दंपती ने हालांकि पहले समिति में गवाही देने से ने इनकार कर दिया था , लेकिन संसद में दोनों के खिलाफ अवमानना के लिए मतदान के बाद अंततः उन्होंने हार मान ली थी।
बिल क्लिंटन की उपस्थिति हिलेरी क्लिंटन द्वारा समिति के साथ घंटों बिताने के ठीक एक दिन बाद आई है। रिपब्लिकन के अनुसार, पूर्व प्रथम महिला ने बार-बार कहा कि उन्हें उनसे पूछे जा रहे सवालों के बारे में बहुत कम जानकारी थी। श्रीमती क्लिंटन ने कहा कि एपस्टीन के साथ उनका बहुत कम जुड़ाव था और इसके बजाय उनके पति से इन सवालों को पूछा जाना चाहिए।
कोमर ने कहा, " करीब 10 से अधिक बार श्रीमती क्लिंटन ने कहा कि इसके बारे में उन्हें पता नहीं है और इसके बारे में उनके पति से पूछना होगा।"श्री क्लिंटन एपस्टीन फाइलों की हालिया जारी किश्त में यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ कई तस्वीरों में दिखाई दिए हैं। हालांकि उन पर किसी भी गलत काम का आरोप नहीं लगाया गया है।
पिछले महीने समिति को सौंपे गए एक शपथ पत्र में, पूर्व राष्ट्रपति ने कहा था कि एपस्टीन ने 2002 और 2003 के बीच क्लिंटन फाउंडेशन के परोपकारी कार्यों के समर्थन में उन्हें, उनके कर्मचारियों और उनके सीक्रेट सर्विस विवरण को अपना निजी विमान देने की पेशकश की थी।
श्री क्लिंटन ने वर्जिन द्वीप समूह में एपस्टीन के निजी द्वीप पर जाने से भी इनकार किया था और कहा था कि वह 2019 की गिरफ्तारी से पहले एक दशक से अधिक समय तक एपस्टीन के संपर्क में नहीं थे।
पूर्व राष्ट्रपति ने घोषणा पत्र में कहा था, "हालांकि एपस्टीन मेरे आठ साल के कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस के सैकड़ों कार्यक्रमों या रिसेप्शनों में से किसी में भी शामिल हुआ होगा और मेरे साथ फोटो खिंचवाई होगी जैसा कि हजारों व्यक्तियों ने किया था, मुझे कार्यालय में रहते हुए एपस्टीन से मिलने या उनके साथ किसी विशिष्ट बातचीत की याद नहीं है।"श्री क्लिंटन ने कहा कि उन्हें याद नहीं है कि वह पहली बार एपस्टीन की सहयोगी सजायाफ्ता घिस्लेन मैक्सवेल से कब मिले थे या उसके साथ उनकी बातचीत क्या थी। उन्होंने कहा कि वह बाद में एक आपसी मित्र के साथ रिश्ते में थी।
घोषणा पत्र में कहा गया था, "स्पष्ट रूप से कहूं तो, मुझे एपस्टीन या मैक्सवेल की आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। और मैंने उन्हें किसी भी प्रकार की जांच से बचाने के उद्देश्य से कोई कार्रवाई नहीं की।"गुरुवार को अपनी गवाही में, श्रीमती क्लिंटन ने भी दोहराया कि उन्हें एपस्टीन या मैक्सवेल के अपराधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
गवाही के बाद जब पत्रकारों ने पूछा कि एपस्टीन के अपराधों के बारे में उनके पति कोई जानकारी नहीं थी, तो श्रीमती क्लिंटन ने जवाब दिया, "एपस्टीन के साथ उनके संबंध एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों के बारे में कुछ भी सामने आने से कई साल पहले ही समाप्त हो गया था।"समिति के सदस्य और कैलिफोर्निया के प्रतिनिधि रॉबर्ट गार्सिया ने गुरुवार दोपहर कहा जब गवाही चल रही थी कि श्रीमती क्लिंटन 'सभी सवालों के जवाब दे रही थीं।' रिपब्लिकन सदस्यों ने भी दिन समाप्त होने के बाद कहा कि उन्होंने सभी के सवालों के जवाब दिए।
श्री क्लिंटन की गवाही से पहले, श्री गार्सिया ने कहा कि समिति ने 'अब राष्ट्रपतियों और पूर्व राष्ट्रपतियों से बात करने के बारे में एक नया उदाहरण स्थापित किया है।' उन्होंने मांग की कि राष्ट्रपति ट्रंप को एपस्टीन के साथ उनके अपने संबंधों के बारे में गवाही देने के लिए 'तुरंत' समिति के सामने उपस्थित होने के लिए कहा जाए।
एपस्टीन फाइलें जारी होने के बाद से ही श्री ट्रंप सभी विरोधियों के निशाने पर रहे हैं, क्योंकि न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में उनका नाम हजारों बार आया है। हालांकि श्री कोमर ने कहा कि श्री ट्रंप एपस्टीन के साथ अपने संबंधों के बारे में प्रेस के सवालों के जवाब पहले ही दे चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित