बिलासपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़कों और बारिश के कारण पानी से लबालब गड्ढों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी (पिछड़ा वर्ग विभाग) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ग्राम सेंवार में नगपुरा-धमनी-कड़ार-सेंवार मुख्य मार्ग के गड्ढों में उतरकर प्रतीकात्मक रूप से 'मछली पालन' किया और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संबंधित मार्ग लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढों से प्रभावित है, लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल आश्वासन ही मिले हैं। लगातार बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन और अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है। उनका आरोप है कि ग्रामीणों, दोपहिया वाहन चालकों तथा छोटे वाहनों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी (पिछड़ा वर्ग विभाग) के अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला, ब्लॉक, मंडल, पंचायत और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के अलावा युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई, इंटक तथा अन्य सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।

कांग्रेस ने मांग की कि नगपुरा, धमनी, कड़ार और सेंवार मार्ग की तत्काल मरम्मत कर सभी गड्ढों को भरा जाए तथा बारिश के मौसम में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए स्थायी समाधान किया जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा, "सड़क के गड्ढों में इतना पानी भर चुका है कि अब यहां मछली पालन किया जा सकता है। अगर मछली बड़ी होने तक भी सड़क नहीं बनी, तो उसे बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक को भेंट किया जाएगा।" उन्होंने इसे सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित