प्रयागराज , जून 12 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र में एक बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी से 36 लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ईंट भट्ठा मालिक और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घूरपुर क्षेत्र के दिवरिया निवासी विमलेश गौतम ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका बिल्डिंग मैटेरियल के थोक एवं फुटकर कारोबार का व्यवसाय है। प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र स्थित श्रीपुर निवासी ईंट भट्ठा संचालक धीरेन्द्र गिरी से उनके पिछले सात-आठ वर्षों से पारिवारिक संबंध थे।

तहरीर के मुताबिक, धीरेन्द्र गिरी ने अपनी बहन के विवाह के लिए विमलेश से 10 लाख रुपये उधार लिए थे और दो माह के भीतर रकम लौटाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद उसने मकान निर्माण के नाम पर करीब 20 लाख रुपये मूल्य का बालू, गिट्टी, सरिया, हार्डवेयर एवं सेनेटरी का सामान उधार ले लिया।

पीड़ित का आरोप है कि धीरेन्द्र गिरी की पत्नी रश्मि गिरी ने भी घरेलू आवश्यकताओं का हवाला देकर छह लाख रुपये लिए। इस प्रकार कुल 36 लाख रुपये की धनराशि और सामान का भुगतान बकाया हो गया।

विमलेश गौतम के अनुसार, जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी भट्ठे से निकासी न होने का बहाना बनाकर भुगतान टालता रहा। करीब तीन माह पूर्व धीरेन्द्र गिरी ने उन्हें 30 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन बाद में उसे बैंक में प्रस्तुत न करने के लिए कहा।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि रश्मि गिरी ने रुपये मांगने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 30 अप्रैल 2026 की रात लगभग नौ बजे धीरेन्द्र गिरी नौ-दस अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से जलाकर मारने की धमकी दी। इस दौरान धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के बाद वह भय के कारण रुपये वापस मांगने से भी कतरा रहे थे। मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी, जिस पर सहायक पुलिस उपायुक्त को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद घूरपुर थाने में धीरेन्द्र गिरी और रश्मि गिरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित