बिलासपुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ एक अधिकारी पर महिला कर्मचारी ने यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने और इनकार करने पर नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में रेल मंत्री, महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
महिला आयोग से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे में कार्यरत है। उसने अपनी शिकायत में रेल मंडल के अधिकारी रुखमैया मीणा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि संबंधित अधिकारी उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे थे और इसका विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी गई।
महिला कर्मचारी ने मामले की शिकायत उच्च स्तर पर करते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने कार्यस्थल पर अपनी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित