बिलासपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में बिजली उपभोक्ताओं को अगले चार दिनों तक निर्धारित समय पर बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। सीएसईबी से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण और रखरखाव कार्य कराए जाने के कारण 25 से 28 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
बिजली बंद रहने से शहर के अलग-अलग इलाकों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे। बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय से पहले बिजली से जुड़े जरूरी काम निपटा लें। कंपनी के अनुसार, कार्य की आवश्यकता के मुताबिक बिजली बंद रखने की समय-सीमा घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
रविवार 25 अक्टूबर को बृहस्पति बाजार सब स्टेशन के सदर बाजार फीडर में शटडाउन लिया जाएगा। इससे करुणा चौक, उदल चौक, गोलबाजार, मिशन अस्पताल और मध्यनगरी चौक में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। डॉ. आभा वर्मा के आसपास के इलाके और 33 केवी सिम्स अस्पताल क्षेत्र भी इससे प्रभावित होंगे।
सोमवार 26 अक्टूबर को भारतीय नगर सब स्टेशन के सलूजा विहार फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके तहत भारतीय नगर, सलूजा विहार और आसपास के इलाकों के उपभोक्ताओं को निर्धारित समय तक बिजली नहीं मिलेगी।
मंगलवार 27 अक्टूबर को मंगला सब स्टेशन के मंगला, टंकी नंबर एक, टंकी नंबर दो और कुशा भाऊ ठाकरे फीडर बंद रहेंगे। इसके कारण मंगला, गीतांजलि पार्क, सनसिटी और महर्षि स्कूल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। वहीं गंगानगर फेज-2, मंगला बस्ती, धुरीपारा और दीनदयाल कॉलोनी में भी बिजली बंद रहेगी।
बुधवार 28 अक्टूबर को अलका एवेन्यू सब स्टेशन के अलका एवेन्यू, आदर्श चौक और उषा उपवन फीडर बंद रहेंगे। इसके चलते अलका एवेन्यू के तीनों फेज, मंगला बस्ती, शैल विहार और ब्रिज विहार में बिजली आपूर्ति बाधित होगी। इसके अलावा जेपी विहार, जॉय रेसिडेंसी, यमुना विहार और उषा उपवन कॉलोनी के उपभोक्ता भी प्रभावित होंगे।
बिजली कंपनी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार,चार दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली बंद रखने की योजना है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी काम पहले ही पूरे कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित