बिलासपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन के दौरान शनिवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वागत को लेकर कुछ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री साय के आगमन से पूर्व स्वागत की तैयारी में जुटे कुछ कार्यकर्ता निर्धारित सुरक्षा घेरा पार कर आगे बढ़ने लगे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा जवानों ने उन्हें प्रोटोकॉल के तहत रोका, जिस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर मौजूद वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाबूझा कर शांत कराया, जिसके बाद विवाद समाप्त हुआ और कार्यक्रम नियत समय पर प्रारंभ हो सका।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे हैं। कार्यक्रम के दौरान वह 263 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार 89 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, अस्पताल तथा सिंचाई से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कई ग्रामीण मार्गों का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री प्रदेश के लगभग 24.28 लाख किसानों के बैंक खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि प्रत्यक्ष अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जारी करेंगे।
घटना से कार्यक्रम पर कोई स्थायी प्रभाव नहीं पड़ा और समूचा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की जानकारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित