बिलासपुर , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी जांच को और तेज करते हुए बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की है। बीते गुरुवार को ईडी की टीम ने सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के आवास और प्रतिष्ठान पर एक साथ छापेमारी की थी इस दौरान टीम को बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण और नकदी मिलने की जानकारी आज सामने आई है।
अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक, दिनभर चली जांच कार्रवाई में करीब 17 किलोग्राम सोना, लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य के हीरों के आभूषण और भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। ईडी फिलहाल जब्त सामग्री और दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण कर रही है।
जानकारी के अनुसार, विवेक अग्रवाल फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल के भाई हैं, जिसे इस घोटाले की अहम कड़ी माना जा रहा है। विकास अग्रवाल का नाम मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के करीबी सहयोगियों में शामिल बताया जाता है। ईडी की नजर लंबे समय से विकास की गतिविधियों और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन पर है।
गौरतलब है कि इस कार्रवाई के तहत ईडी की एक टीम सुबह तड़के मैग्नेटो मॉल के पीछे स्थित विवेक अग्रवाल के निवास पहुंची, जहां सुरक्षा के मद्देनजर सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई और पूरे परिसर को सील कर तलाशी ली गई। घर के भीतर मौजूद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की गई।
इसी के साथ दूसरी टीम सदर बाजार स्थित श्रीराम ज्वेलर्स पहुंची, जहां स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच एजेंसी को आशंका है कि फरार विकास अग्रवाल से जुड़े आर्थिक लेनदेन और संभावित निवेश के सुराग इन प्रतिष्ठानों से मिल सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित