बिलासपुर , अगस्त 02 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मोबाइल फोन ठीक कराने में देरी से नाराज एक किशोरी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय इलेक्ट्रिशियन का कार्य करते हैं। उनकी पुत्री वंशिका पाण्डेय अम्बेडकर स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसका मोबाइल फोन खराब हो गया था। बताया गया कि एक अगस्त को वंशिका ने अपने पिता से मोबाइल ठीक कराने की बात कही। इस पर पिता ने वेतन मिलने के बाद मोबाइल सुधरवाने का आश्वासन दिया और काम पर चले गए।

इसके बाद घर में अकेली मौजूद वंशिका ने कथित तौर पर पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद उसके चचेरे भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए सिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित