बिलासपुर , अप्रैल 25 -- ) छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में आग लगने से नौ मकान जकर खाक हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोंधरा चौक के पास यादव आरा मिल के पीछे स्थित रिहायशी चाल में शुक्रवार रात अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में नौ मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

पुलिस के मुताबिक, चोलाराम यादव की चाल में कई किरायेदार परिवार लंबे समय से रह रहे थे। शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक बंद मकान में अचानक आग लग गयी। उस समय मकान में रहने वाला युवक बाहर गया हुआ था। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिससे बाकी परिवार समय रहते घरों से बाहर निकल आए और अपनी जान बचा ली। हालांकि, किसी को भी घर का सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका। कुछ ही देर में आग ने पूरी चाल को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं।

सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक सभी मकान पूरी तरह जल चुके थे। बताया जा रहा है कि मकानों की छतें लकड़ी की होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित