बिलासपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक निजी बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने बीमा पॉलिसी खरीदने के बहाने युवती को लॉज में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। वह संभावित ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं की जानकारी देने का काम करती है। गत 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। रास्ते में बातचीत के दौरान युवती ने अपने कार्य और बीमा योजनाओं के बारे में बताया। इसी दौरान दोनों के बीच मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, अगले दिन 28 अक्टूबर को अभिषेक सलूजा ने बीमा पॉलिसी की जानकारी लेने के लिए उसे फोन कर बुलाया। मुलाकात के दौरान युवती ने उसे विभिन्न योजनाओं के बारे में समझाया। आरोपी ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की इच्छा जताई और आसपास शोरगुल होने का हवाला देकर किसी शांत स्थान पर बातचीत करने का प्रस्ताव रखा।

आरोप है कि युवक इसी बहाने युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरा नंबर 124 में बातचीत के दौरान उसने दरवाजा बंद कर युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पूछताछ में जानकारी सामने आई कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित