बिलासपुर , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से रकम लेने और बाद में पैसे वापस मांगने पर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की कथित धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मृतक के मामा और मामी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री निवासी राहुल साहू (22) ने अपने मामा इन्द्र कुमार वैष्णव (44) और मामी अम्बिका वैष्णव (35) को सरकारी रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर राहुल ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि दोनों उसे लगातार टालते रहे और राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नौ मार्च को राहुल अपनी रकम वापस लेने के लिए एक बार फिर मामा-मामी के घर पहुंचा था। इसी दौरान अम्बिका वैष्णव ने उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, इस धमकी और सामाजिक बदनामी के भय से राहुल गहरे मानसिक तनाव में आ गया और घर लौटने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद मस्तूरी पुलिस ने मर्ग कायम कर करीब चार महीने तक मामले की जांच की। इस दौरान परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इन्द्र कुमार वैष्णव और अम्बिका वैष्णव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 तथा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने कहा कि सोमवार को लिमतरा पहरीपारा में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित