बिलासपुर , मई 24 -- छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव संगीता आर. ने रविवार को बिलासपुर पहुंचकर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व वसूली, स्वच्छता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने कहा कि राजस्व किसी भी नगरीय निकाय की आधारशिला है, इसलिए बकाया वसूली को प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की लंबित लगभग 15 करोड़ रुपये की राशि की वसूली के लिए दिसंबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की। साथ ही निर्देश दिए कि नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि टेंडर की अवधि समाप्त होते ही अनुबंध कर कार्य प्रारंभ कराया जाए ताकि परियोजनाओं में विलंब न हो। निर्माणाधीन और अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

समीक्षा के दौरान सचिव ने पीएम ई-बस सेवा के तहत प्रस्तावित बसों के शीघ्र संचालन की उम्मीद जताई और कोनी में निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन व डिपो को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मधुबन स्थित एजुकेशन हब के प्रथम चरण में बन रहे नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक के निर्माण में तेजी लाने को कहा।

पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक के तहत लंबित आवास निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों से संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। वार्ड नोडल अधिकारियों से आदर्श वार्ड विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, जहां सड़क, पानी, बिजली और सफाई व्यवस्था उत्कृष्ट हो।

संगीता आर. ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम स्वनिधि, पीएम आवास और पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक निर्बाध पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक के बाद उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कोनी स्थित निर्माणाधीन सिटी बस चार्जिंग स्टेशन, कछार स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, बिरकोना वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और खमतराई स्थित पीएम आवास परियोजना का निरीक्षण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित