बिलासपुर , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बीते सोमवार को विवाद के बाद दो युवकों ने शराब दुकान के सामने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है। वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, देवरी खुर्द निवासी बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) पेशे से ऑटो ड्राइवर थे। सोमवार को तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने उनका दो युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और गला रेत दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बबला साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने मौके पर काफी देर तक हंगामा किया। इसके बाद शराब दुकान में तोड़फोड़ करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया। वारदात के चलते शराब दुकान कुछ समय के लिए बंद कर दी गई। आरोपी इसके बाद मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और वारदात से पहले की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली।

बबला साहू की हत्या के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान तोरवा क्षेत्र के बूटापारा निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी कन्हैया लाल (65) पर देवरीखुर्द के एनीकट के पास बाइक सवारों ने चाकू से हमला कर दिया। उनके गले पर चाकू से वार किया गया। गंभीर हालत में कन्हैया लाल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बुजुर्ग कन्हैया लाल पर हमला करने वाले आरोपियों के वही होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्होंने बबला साहू की हत्या की थी। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।

इसके अलावा एक बच्चे पर भी चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इस घटना की भी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित