बिलासपुर , अप्रैल 23 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम मटियारी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

दरअसल, नरगोड़ा गांव के रहने वाले अशोक सूर्यवंशी और नरेंद्र बर्मन बाइक से बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेलर के नीचे आ गए।

इस हादसे में अशोक सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। इससे सीपत-बिलासपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित