बिलासपुर , अप्रैल 25 -- छत्तीसगढ़ में स्थित बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिस्दा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सड़क किनारे खेल रहे 4 साल के मासूम सतीश शुक्ला को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दरअसल, पचपेड़ी से जोंधरा की ओर जा रही हाइवा का चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान उसने बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा हाइवा के पहियों के नीचे आ गया और उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे थोड़ी ही देर में पकड़ लिया।

हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मस्तूरी-जोंधरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

बताया जा रहा है कि मृतक सतीश शुक्ला का परिवार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का रहने वाला है और वह उसी दिन अपने रिश्तेदारों के यहां आया था। प्रशासन की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि घोषित की गई, जिसमें से 8 हजार रुपये मौके पर ही दिए गए। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के बाद गृहग्राम भेजने और दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन भी दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित