बिलासपुर , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें धमकी देकर लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं। तोरवा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक नर्सिंग अधीक्षक समेत कई महिलाएं इस ठगी का शिकार हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर के केंद्रीय अस्पताल में नर्सिंग अधीक्षक के पद पर कार्यरत रेलवे ऑफिस क्षेत्र निवासी लक्ष्मी साहू 23 सितंबर 2025 को अज्ञात नंबरों से कॉल आया। कॉल करने वालों ने उन्हें धमकाया कि यदि पैसे नहीं दिए तो उनका तबादला छत्तीसगढ़ से बाहर नागपुर कर दिया जाएगा।
इस धमकी से घबराकर लक्ष्मी साहू ने बताए गए मोबाइल नंबर पर फोनपे के जरिए 20 हजार रुपये स्थानांतरित कर दिए। इसके बाद ठगों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना बनाया।
ठगी के इस जाल में कामनी नाम की महिला से 25 हजार रुपये, मृदुला से 50 हजार रुपये और प्रीति से 20 हजार रुपये ठग लिए गए। इस तरह आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से लाखों रुपये की ठगी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के उजागर होने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या धमकी से घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित