बिलासपुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत हो गई। मृतकों में दो साढ़ू भाई शामिल हैं, जो खेत में काम करने के दौरान बिजली की चपेट में आ गए। वहीं, एक अन्य किसान की बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े रहने के दौरान बिजली गिरने से जान चली गई।

पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना कोटा क्षेत्र के ग्राम लखोदना की है। यहां निवासी मन्ना यादव (41) पिता माखन यादव और नवाडीह बेलगहना निवासी उनके साढ़ू कुंजराम यादव (45) पिता गंगाराम यादव बुधवार शाम खेत में काम कर रहे थे। दोनों की ससुराल लखोदना में ही है।

इसी दौरान शाम करीब 6 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया और आसमान में घने बादल छाने के साथ तेज गरज-चमक तथा बारिश शुरू हो गई। खेत में काम कर रहे दोनों व्यक्ति अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन की व्यवस्था कर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मन्ना यादव और कुंजराम यादव को मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना कोटा क्षेत्र के ग्राम मानपुर में हुई। यहां निवासी किसान जागेश्वर जगत (45) बुधवार शाम गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ खेत में मेढ़ बांधने गए थे। इसी बीच तेज हवा और बारिश शुरू होने पर जागेश्वर बचाव के लिए खेत के समीप स्थित एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, जबकि उनका साथी खेत में ही काम करता रहा।

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल कोटा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।

एक ही शाम आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत से लखोदना और मानपुर गांवों में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित