बिलासपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में गत 28 अगस्त की देर रात हुए बवाल, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी और संदिग्धों की धरपकड़ के दौरान 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं।
इसी तरह राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है। राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा के निवासी हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा का रहने वाला है।
बवाल के दौरान उपद्रवियों ने आठ वाहनों और एक दुकान में तोड़फोड़ की थी। क्षतिग्रस्त वाहनों में छह चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल शामिल है। पथराव में एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए थे।
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस भी पथराव की चपेट में आई थी। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। श्री तिवारी के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।
घटना के बाद खपरगंज सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस के अतिरिक्त दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
इस बीच पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। ड्रोन के जरिए भी क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित