बिलासपुर , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय जेल परिसर में मोबाइल फोन से कैदियों का वीडियो बनाने से रोकने पर दो युवकों द्वारा ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी के साथ कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर प्रहरी को जान से मारने की धमकी देने और झूमाझटकी के दौरान उसका बैच तोड़ने का भी आरोप है। सिविल लाइन पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय जेल में जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ पुरुषोत्तम सिंह पोटाम की एक अक्टूबर को घर मुलाकाती में ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान श्रीयांश सिंह और शंभू यादव जेल परिसर पहुंचे। आरोप है कि दोनों अपने मोबाइल फोन से कैदियों का वीडियो बना रहे थे।

प्रहरी पुरुषोत्तम सिंह पोटाम ने दोनों को जेल के नियमों की जानकारी देते हुए फोटो और वीडियो बनाने से मना किया और बताया कि जेल परिसर में मोबाइल लेकर आना प्रतिबंधित है। आरोप है कि इसके बाद श्रीयांश सिंह और शंभू यादव ने प्रहरी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों ने उसके साथ धक्कामुक्की और मारपीट की, जिससे प्रहरी को चोटें आईं। झूमाझटकी के दौरान प्रहरी का बैच भी खींचकर तोड़ दिया गया।

प्रहरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों ने शासकीय कार्य को रोकने और प्रभावित करने की मंशा से उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत की जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस ने श्रीयांश सिंह और शंभू यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि, सेंट्रल जेल परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित है। जेल में कैदियों से मुलाकात करने वाले परिजन भी मोबाइल नहीं ले जा सकते।

बताया गया है कि इससे पहले जेल परिसर में मोबाइल प्रतिबंधित नहीं था। इस दौरान कैदियों के साथ बातचीत और बर्थ-डे सेलिब्रेट करते हुए वीडियो बनाए गए थे, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। ऐसे वीडियो सामने आने के बाद जेल परिसर में मोबाइल फोन लाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित