बिलासपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत झलमला के अस्थाई शु आश्रय स्थल (गौठान) में पिछले दो दिनों में 30 मवेशियों की मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गौठान में पर्याप्त चारा-पानी और बारिश से बचाव की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच धनलाल साहू ने मवेशियों की मौत का कारण भारी बारिश और ठंड को बताया है।

सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार फसलों को मवेशियों से बचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत झलमला में करीब दो महीने पहले अस्थाई गौठान बनाया गया था। सरपंच धनलाल साहू ने खुले मैदान में कटीले तार लगाकर इसकी व्यवस्था कराई थी, जिसके बाद आसपास के खेतों में घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर यहां रखा जाने लगा। वर्तमान में यहां करीब 300 मवेशियों को रखे जाने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गौठान में मवेशियों को बारिश से बचाने के लिए शेड की व्यवस्था नहीं है और पर्याप्त चारा एवं पेयजल भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। मनरेगा के तहत पैरा एकत्र कराया गया था, लेकिन मवेशियों को नियमित रूप से चारा नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि गौठान में कीचड़ और अव्यवस्था के बीच मवेशियों को रखा गया है तथा भूख और अन्य परेशानियों के कारण उनकी मौत हुई है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि मवेशियों की मौत की जानकारी बाहर आने से रोकने के लिए जेसीबी से गड्ढे खुदवाकर कुछ शवों को दफना दिया गया। कुछ शवों को नाले के पानी में बहाने और अन्य स्थानों पर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस संबंध में ग्राम पंचायत झलमला के सरपंच धनलाल साहू ने कहा कि फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए सभी ग्रामीणों की सहमति से अस्थाई गौठान बनाया गया था। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण मवेशियों की मौत हुई है। कुछ मवेशी पहले से बीमार थे और कुछ दिन पहले सीपत से आए पशु चिकित्सकों ने उनका इलाज भी किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित