बिलासपुर , जून 29 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में स्नान के दौरान फिसलकर गंभीर रूप से घायल हुए एक कैदी की उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू (62) के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनकराम बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। रविवार सुबह वह जेल परिसर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिरकर पत्थर से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

जेल प्रशासन ने घायल बंदी को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद संबंधित मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। जेल प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि जिस स्थान पर कैदी गिरा वहां काई के कारण फिसलन थी या दुर्घटना की कोई अन्य वजह रही।

पुलिस और जेल प्रशासन मामले की सभी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित