नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

श्री बिरला ने गुरुवार को अपने संदेश में कहा "प्रिय देशवासियों, भाई और बहन के आपसी स्नेह और भरोसे के पर्व "रक्षाबंधन" पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।"उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमारे देश की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अपनत्व के अटूट रिश्तों का प्रतीक है। रक्षाबंधन केवल एक रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है। भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे पवित्र रिश्तों में से एक माना जाता है। इस रिश्ते में न कोई स्वार्थ होता है, न कोई शर्त।

अध्यक्ष ने कहा कि हर भाई अपनी बहन की ख़ुशी, सुरक्षा और सम्मान को अपना दायित्व मानता है, तो वहीं हर बहन अपने भाई के सुख, स्वास्थ्य, सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए मन से प्रार्थना करती है। यह निस्वार्थ भाव हमारे परिवारों को जोड़ता है और समाज को मजबूत बनाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित