नयी दिल्ली , अप्रैल 30 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है।
श्री बिरला ने अपने संदेश में कहा "बुद्ध पूर्णिमा पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। वैशाख की पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, जागरूकता और अध्यात्म व मानवता के मार्ग पर अनवरत चलने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का संपूर्ण जीवन त्याग, ज्ञान और करुणा की अद्वितीय यात्रा था। एक ऐसी यात्रा जिसने मानव जीवन के गूढ़ प्रश्नों का सरल और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया। राजसी वैभव को त्यागकर सत्य की खोज में निकले सिद्धार्थ ने यह सिद्ध किया कि वास्तविक सुख बाहरी साधनों में न होकर अंतर्मन की शांति और संतुलन में निहित है। उनके उपदेश, मध्यम मार्ग, चार आर्य सत्य और अष्टांगिक मार्ग आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पूर्व थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित