नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दी हैं।

श्री बिरला ने अपने संदेश में कहा " नंद के घर आनंद भयो जय हो बृजपाल की, जय हो बृजपाल की, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव 'श्रीकृष्ण जन्माष्टमी' की समस्त देशवासियों को मंगलकामनाएँ। उन्होंने कहा कि आराध्य श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा और प्रेम उनके देश और दुनियां के अनगिनत भक्तों में असीम है। बालरूप में कन्हैया की लीलाएं इतनी मनमोहक रही कि बच्चों को लाड, दुलार और भाव से कान्हा और कन्हैया पुकारते हुए मन प्रसन्नता से भर जाता है। प्रत्येक मां बच्चों पर माता यशोदा सा स्नेह न्योछावर करना चाहती है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री कृष्ण ने जीवन के यथार्थ को दर्शाया। कर्तव्य, नीति, न्याय, विवेक, साहस और जीवन-संतुलन का महान दर्शन श्री कृष्ण का महाभारत के रणक्षेत्र में अर्जुन को दिया गया गीता का ज्ञान है। यह संदेश मानव जीवन के लिए सदियों से मार्गदर्शक बना हुआ है। भारत के दर्शन की आत्मा गीता को मानते है। श्री कृष्ण हमें सिखाते हैं कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, जो व्यक्ति सत्य और धर्म के साथ खड़ा रहता है, अंततः विजय उसी की होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित