नयी दिल्ली , मई 30 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को गोवा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

श्री बिरला ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी अपने संदेश में गोवा की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध परंपराओं और जीवंत जीवनशैली से परिपूर्ण गोवा भारत का एक महत्वपूर्ण प्रदेश है। उन्होंने कहा कि राज्य के समुद्र तटों की मनमोहक छटा, ऐतिहासिक धरोहरों, कला-संस्कृति और सामाजिक सौहार्द ने गोवा को न केवल देश बल्कि पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।

लोकसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में गोवा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य निरंतर प्रगति, समृद्धि और विकास के नए आयाम स्थापित करे तथा भारत की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोवा विकास और सांस्कृतिक समृद्धि की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित