कोटा , मई 29 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए), निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री बिरला ने सीएडी चौराहे पर स्थित अंबेडकर भवन का निरीक्षण करके सुविधाएं विकसित करने, आरपीएस कॉलोनी से दादबाड़ी लिंक को जोड़ने के लिए मुख्य रोड पर सर्किल निर्माण और टीलेश्वर मंदिर चौराहे पर यातायात सुगम बनाने के लिए स्लिप लेन विकसित करने के केडीए को निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस विभाग को वल्लभबाड़ी एवं गुमानपुरा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए वाहन प्रतिबंध लागू करने को कहा। इसके साथ बिरला ने बजरंग नगर से 80 फुट रोड तक सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य करने और कोटड़ी तालाब के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में गार्डन विकसित करने के लिये भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके अतिरिक्त बोरखेड़ा से रेलवे कॉलोनी तक एवं थेगड़ा तक रोड वाइडनिंग, एसपी चौराहे के विकास और खाई रोड से रामपुरा तक विद्युत के तारों को भूमिगत के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित