जयपुर , जुलाई 15 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पर बुधवार को यहां अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायी गौरव यात्रा पूर्व एवं वर्तमान सदस्य समागम के उद्घाटन सत्र से हुई जिसमें श्री बिरला के अलावा विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल सहित अन्य मंत्री, विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल हुए।

सम्मेलन में सौ वर्ष से अधिक आयु के पूर्व विधायक पंडित रामकिशन सहित कई पूर्व विधायक शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत एवं डा सी पी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, सांसद एवं विधायक तथा काफी संख्या में पूर्व विधायकों ने शिरकत की।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने पूर्व विधायकों का सम्मेलन में भाग लेने पर खुशी जताते हुए उनका आभार जताया। इस मौके श्री देवनानी ने श्री बिरला एवं श्री शर्मा का स्वागत किया। इससे पहले श्री देवनानी ने कार्यक्रम में आये पूर्व विधायकों का स्वागत किया और पुष्कर के कलाकार द्वारा विधानसभा के प्रतीकात्मक सैंड आर्ट का अवलोकन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित