बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जनपद पंचायत प्रभातपट्टन के ग्राम सालबर्डी में एक ग्रामीण की मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव का भ्रमण किया और जलभराव, खराब सड़कों तथा जल निकासी संबंधी समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर बुधवार रात स्थानीय युवक रोहित ताम्बूलकर की मोटरसाइकिल पर बैठकर उन स्थानों तक पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने नालियों के अभाव, सड़क पर कीचड़ और जलभराव की शिकायत की थी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने से सड़कों पर पानी जमा होने और आवागमन में कठिनाई की स्थिति सामने आई।

डॉ. सोनवणे ने पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों से सुझाव लेकर प्राथमिकता के आधार पर नाली और सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में ग्रामीणों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने सालबर्डी के धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से संभावनाओं से भरपूर है और इसका योजनाबद्ध विकास किया जा सकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने के साथ बाहर से आने वाले दुकानदारों और व्यवसायियों से नियमानुसार कर वसूली सुनिश्चित की जाए, जिससे पंचायत की आय बढ़े और उसका उपयोग आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा जनहित के कार्यों में किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे। इस बीच, कलेक्टर के बिना हेलमेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव का भ्रमण करने की तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी रहीं। सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित