भिण्ड , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र के धमसा गांव में बिना वैध लाइसेंस संचालित हो रहे सेवई-नूडल्स कारखाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।

फूड सेफ्टी अफसर रीना बंसल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के आसपास गंदगी और मक्खियां पाईं। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के साथ बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री के निर्माण और पैकिंग का मामला सामने आया।

जांच के दौरान कारखाने में तैयार मोटी सेवई को दूसरे प्रतिष्ठानों के नाम और पते से पैक किए जाने की जानकारी सामने आई। मौके पर रियल गोल्ड मोटी सेवईं के पैकेट मिले, जिन पर परिवहन नगर, ग्वालियर का पता दर्ज था। वहीं नवजोत मोटी सेवईं की पैकिंग पर संत कृपा फूड प्रोडक्ट, इंडस्ट्रियल एरिया, बिजौली, झांसी का पता अंकित मिला। अधिकारियों के अनुसार तैयार उत्पाद की सप्लाई ग्वालियर, झांसी और अन्य क्षेत्रों में किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

कारखाने से करीब 200 कट्टे मैदा बरामद हुए। प्रत्येक कट्टे का वजन लगभग 50 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा तैयार पैक सेवईं के करीब 50 कार्टन तथा बड़ी संख्या में खाली रैपर और पैकेट भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार कारखाने का संचालन ग्वालियर निवासी ब्रजेंद्र कुशवाहा द्वारा किया जा रहा था। जांच के दौरान इकाई के पास खाद्य उत्पादों के निर्माण और पैकिंग का वैध लाइसेंस नहीं मिला। निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई और तैयार सेवईं तथा नूडल्स के आसपास मक्खियां मंडराती मिलीं।

खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बिना आवश्यक अनुमति के खाद्य सामग्री का निर्माण किए जाने पर टीम ने इकाई को बंद कराकर सील कर दिया। मौके से खाद्य सामग्री और पैकिंग से संबंधित सामान जब्त किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। दस्तावेजों के सत्यापन और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित