पंचकूला , अगस्त 10 -- हरियाणा पुलिस ने हिसार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बिना लाइसेंस वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने जनवरी से जुलाई तक ऐसे मामलों में कुल 2,088 चालान किये हैं।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 1,837 चालान किए गए। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 251 चालान किए गए।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाता है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना विशेष रूप से गंभीर है, क्योंकि इससे नाबालिगों के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस प्रवक्ता ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। बच्चों को वाहन देने के बजाय उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित