बैतूल , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई कृषि उपज मंडी समिति ने अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सोयाबीन से भरे एक 16 चक्का ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई नागपुर रोड स्थित चिचंडा के पास नियमित जांच के दौरान की गई।

अधिकारियों के अनुसार ट्रक (क्रमांक एमपी 12 जेडएफ 9440) में बड़ी मात्रा में सोयाबीन लदा हुआ था। जांच के दौरान चालक से मंडी टैक्स संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडी अमले ने वाहन को जब्त कर लिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक खंडवा से सोयाबीन लेकर महाराष्ट्र मार्ग से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की ओर जा रहा था। आशंका है कि मंडी टैक्स से बचने के उद्देश्य से परिवहनकर्ता ने निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया और वैकल्पिक मार्ग अपनाया।

मंडी सचिव शीला खातरकार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित ट्रक मालिक एवं परिवहनकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में पांच गुना मंडी टैक्स वसूला जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

कार्रवाई में प्रभारी मंडी निरीक्षक डी.पी. नरें एवं कर्मचारी चंपा तुमडाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध परिवहन के खिलाफ सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित