हरिद्वार , सितंबर, 01 -- त्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों और दुग्ध वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। कनखल में अमरोहा से हरिद्वार दूध सप्लाई करने आए एक वाहन को बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के पकड़ा गया। वहीं रुड़की में विभिन्न रिटेल स्टोरों से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अनियमितताएं मिलने पर संबंधित डेयरी, निर्माता कंपनियों और रिटेल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त देहरादून विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने शिकायत के आधार पर कनखल में अमरोहा, उत्तर प्रदेश से दूध लेकर पहुंचे वाहन की जांच की। वाहन में गाय और भैंस का मिश्रित दूध पाया गया। संचालक दूध के वितरण और सप्लाई से संबंधित खाद्य अनुज्ञप्ति तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर वाहन/डेयरी स्वामी एमएस डेयरी को नोटिस जारी किया गया। दूध का एक नमूना भी संदेह के आधार पर प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया।

इधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेन्द्र पाण्डेय की संयुक्त टीम ने रुड़की शहर के विभिन्न रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। टीम ने एडिबल ऑयल के दो, चावल, हींग और सरसों के तेल का एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। लेबल संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर दो निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित