अलवर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में अलवर जिले के परवैनी गांव निवासी अरिहंत जैन ने बिना कोचिंग के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएस) भर्ती परीक्षा 2024 में 28वीं रैंक हासिल करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
अरिहंत की सफलता रातों-रात नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे वर्षों का संघर्ष, अनुशासन और आत्म-विश्लेषण छिपा है। रिजल्ट घोषित होते ही उनके घर बधाइयों का तांता लग गया। इस बीच सबसे भावुक पल तब आया जब उनकी मां इंद्रा जैन ने कहा- "बेटा, हमें तुम पर गर्व है।" अरिहंत के पिता जिनेंद्र जैन ने भी अपने बेटे की सफलता पर गर्व करते हुए कहा कि उसकी मेहनत और तपस्या ने इस मुकाम पर पहुंचा है। अरिहंत के माता-पिता सरकारी अध्यापक हैं जो गांव के पास ही सरकारी स्कूल में कार्यरत हैं।
अरिहंत का यह दूसरा प्रयास था। वर्ष 2021 में वह आरएएस परीक्षा के साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन से चूक गए, लेकिन अरिहंत ने हार मानने के बजाय अपनी कमजोरियों को पहचाना और उन्हें सुधारने में जुट गए आखिर उन्होंने अपना लक्ष्य 2024 में 28वीं रैंक के साथ हासिल कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित