हरिद्वार , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले बिनारसी ग्राम में हुई दोहरे हत्याकांड की घटना में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गत एक फरवरी को रविदास जयंती शोभायात्रा के शांतिपूर्ण समापन के बाद पुरानी रंजिश के चलते गांव निवासी आनंद की आरोपी विशाल और उसके साथियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना से आक्रोशित मृतक पक्ष के लोगों ने पलटवार करते हुए विशाल पक्ष के मांगेराम की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके साथ ही गांव में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।

घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।

इसी कड़ी में सक्रिय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आज बिनारसी ग्राम से फरार आरोपी बबलेश कुमार पुत्र सतपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित