बेंगलुरु , जून 15 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी पर पलटवार करते हुए प्रस्तावित बिदादी उपनगरीय शहरीकरण परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ लगाये गये आरोपों को लेकर जनता दल (सेक्युलर) नेता पर 'दोहरे मापदंड' अपनाने और निराधार बातें करने का आरोप लगाया।

परियोजना को लेकर श्री कुमारस्वामी की आलोचना का जवाब देते हुए श्री सुरजेवाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को दूसरों पर निशाना साधने से पहले अपने राजनीतिक आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री कुमारस्वामी जद(एस) के प्रति भाजपा के रवैये से निराश हैं, विशेष रूप से हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों में पार्टी की अनदेखी किये जाने के बाद से।

श्री सुरजेवाला ने कहा, "जब कांग्रेस के पास संख्या बल था, तब उसने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का समर्थन किया था। लेकिन जब भाजपा की बारी आयी, तो उसने जद(एस) और श्री कुमारस्वामी की अनदेखी की।" उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री अपने सहयोगी दल से सवाल करने के बजाय कांग्रेस सरकार पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।

यह जुबानी जंग श्री कुमारस्वामी के उन आरोपों के बाद शुरू हुई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार किसानों के विरोध के बावजूद बिदादी शहरीकरण परियोजना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि का जबरन अधिग्रहण कर रही है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर 'जमीन हड़पने' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री तथा रियल एस्टेट हितों के बीच मिलीभगत का दावा किया।

श्री कुमारस्वामी ने श्री शिवकुमार की संपत्ति पर भी सवाल उठाये थे और पूछा था कि इतनी कम अवधि में इतनी संपत्ति कैसे जमा हो गयी और उन्होंने कर्नाटक की जनता के सामने इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की थी। श्री सुरजेवाला ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित और साक्ष्य विहीन बताते हुए खारिज कर दिया।

इसके अलावा कांग्रेस नेता ने ईंधन और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि बार-बार की जा रही मूल्य वृद्धि से जनता पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल के महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की घटती कीमतों के अनुरूप खुदरा ईंधन दरों में कटौती की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित