कानपुर , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर के ऐतिहासिक बिठूर में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय बिठूर महोत्सव का आयोजन होगा। सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक धरोहर के लिए प्रसिद्ध बिठूर इस दौरान कला, संगीत और साहित्य की विविध विधाओं का केंद्र बनेगा। राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव को विशेष आकर्षण देंगी।

अधिकृत प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 26 फरवरी को महोत्सव का शुभारंभ विद्यालयी प्रतियोगिताओं, पारंपरिक स्वागत और दीप प्रज्वलन से होगा। भोपाल कथक समिति शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करेगी, जबकि शाम को रॉक बैंड यूफोरिया के साथ गायक पलाश सेन युवाओं को झूमने पर मजबूर करेंगे। बिठूर थीम गीत भी कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति रहेगा।

उन्होने बताया कि 27 फरवरी को "बैटल ऑफ बैंड" और "कानपुर्स गॉट टैलेंट" जैसे मंचों पर स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा। शाम को श्री राम कला केंद्र द्वारा कर्ण आधारित नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि में कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें दिनेश बावरा, प्रताप फौजदार, शंभु शिखर, राव अजात शत्रु और सबीना अदीब सहित 11 प्रसिद्ध कवि काव्य पाठ करेंगे जबकि28 फरवरी को लोक और शास्त्रीय परंपराओं का रंगारंग संगम होगा। प्रयागराज सांस्कृतिक केंद्र द्वारा बुंदेलखंड का पाई डंडा नृत्य, ब्रज की होली, राजस्थानी मांगणियार गायन, पंजाब का गतका और उड़ीसा का गोटीपुआ प्रस्तुत किया जाएगा। समापन संध्या पर पत्थर घाट में गंगा आरती के बाद गायक गोपाल एम. तिवारी का म्यूजिक कंसर्ट महोत्सव को यादगार बनाएगा।

तीन दिवसीय यह आयोजन बिठूर की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और स्थानीय कलाकारों को मंच देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। बड़ी संख्या में दर्शकों के आगमन की संभावना को देखते हुए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित