बैतूल , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के बिजादेही थाना क्षेत्र में पुलिस और राष्ट्रीय हिन्दू सेना की संयुक्त कार्रवाई में कथित गौ तस्करी के मामले में तीन वाहन जब्त कर 10 गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार देर रात सूचना मिली थी कि शिवनी मालवा क्षेत्र से दो पिकअप वाहनों में गोवंश भरकर चिचोली मार्ग से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बिजादेही थाना पुलिस और राष्ट्रीय हिन्दू सेना के पदाधिकारियों ने चिरापाटला क्षेत्र में संयुक्त निगरानी शुरू की।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकले। इसके बाद करीब 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जंगल क्षेत्र में दो पिकअप और कथित रूप से तस्करी में प्रयुक्त एक टवेरा वाहन को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान बाबई निवासी सफील खां को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बोलेरो वाहन फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों की तलाशी में 10 गोवंश मिले, जिन्हें रस्सियों से बांधकर पिकअप में रखा गया था और ऊपर भूसे की बोरियां डालकर छिपाने का प्रयास किया गया था। कुछ गोवंश घायल अवस्था में मिले, जिनका उपचार कराया गया। बरामद सभी गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पीछा किए जाने के दौरान एक वाहन में सवार लोगों ने कुछ गोवंश जंगल क्षेत्र में फेंक दिए तथा पीछा कर रहे वाहन को टक्कर भी मारी। पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच में शामिल किया है।
पुलिस ने गौ तस्करी से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। शिकायत के आधार पर कथित रूप से वाहनों को सीमा पार कराने में सहयोग करने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित