मुंबई , सितंबर 21 -- ्टार प्लस का नया गेम शो 'इंडिया के टॉप 1% - द अनिल कपूर शो' 19 सितंबर से शुरू हो गया है। 100 प्रतिभागियों और एक करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस शो में किताबी ज्ञान के बजाय नजर, समझ और रोजमर्रा की सूझबूझ परखने वाले सवाल पूछे जाते हैं।

शो की खासियत यह है कि सवाल मुश्किल से ज्यादा चतुर हैं। जवाब सामने होने के बावजूद जल्दबाजी या जरूरत से ज्यादा सोचने के कारण प्रतिभागी उलझ जाते हैं। यही उतार-चढ़ाव खेल को रोमांचक बनाए रखता है और दर्शक भी घर बैठे जवाब तलाशने लगते हैं।

जियोहॉटस्टार की 'प्ले अलॉन्ग' सुविधा दर्शकों को शो के साथ सीधे जुड़ने का मौका देती है। दर्शक घर बैठे सवालों के जवाब देकर अपनी समझ आजमा सकते हैं। परिवार के साथ शो देखने पर हर सवाल के जवाब को लेकर चर्चा और तर्क-वितर्क माहौल को और मनोरंजक बना देते हैं।

अनिल कपूर अपने चिर-परिचित 'झकास' अंदाज और ऊर्जा से शो में मनोरंजन जोड़ते हैं। प्रतिभागियों के साथ उनकी सहज बातचीत और हाजिरजवाबी शो की रफ्तार बनाए रखती है।

पहले एपिसोड में मुंबई की चार्टर्ड अकाउंटेंट बिजल शाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शो की पहली विजेता बनने का गौरव हासिल किया और 96 लाख रुपये की राशि अपने नाम की। दबाव के बीच शांत रहना और सवालों को ध्यान से समझना उनकी जीत की खासियत रही।

कुल मिलाकर, 'इंडिया के टॉप 1%' सिर्फ इनामी राशि का खेल नहीं है, बल्कि यह सामान्य समझ और सही नजरिए की परीक्षा भी लेता है। मनोरंजन, रोमांच और दर्शकों को खेल से जोड़ने वाली 'प्ले अलॉन्ग' सुविधा इसे दिलचस्प बनाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित