चंडीगढ़ , जून 28 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में धान रोपाई के दौरान गहराते बिजली संकट को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि किसानों के लगातार धरने-प्रदर्शन और बिजली कटौती ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के "आठ घंटे निर्बाध बिजली" और "पावर सरप्लस पंजाब" के दावों की पोल खोल दी है।
श्री ढिल्लों ने रविवार को कहा कि धान की रोपाई के सबसे महत्वपूर्ण समय में अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण किसानों को महंगे डीजल जनरेटर चलाने पड़ रहे हैं, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बिजली घरों और ग्रिडों के बाहर किसानों के प्रदर्शन सरकार के दावों की वास्तविकता को उजागर कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मान ने किसानों को बिजली के इंतजार में रातें जागकर बिताने से मुक्ति दिलाने का वादा किया था लेकिन आज हालात यह हैं कि दिन और रात दोनों समय बिजली की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सिंचाई न मिलने से पहले से रोपी गई धान की फसल सूखने की कगार पर है, जबकि नई रोपाई की तैयारी कर रहे किसान भी बिजली संकट से जूझ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में किसान भीषण गर्मी के बीच बिजली स्टेशनों और ग्रिडों का घेराव कर रहे हैं तथा कई स्थानों पर सड़क जाम करने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार की व्यवस्थाएं इतनी बेहतर हैं तो किसानों को खेतों के बजाय सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन क्यों करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आप सरकार विज्ञापनों, सोशल मीडिया प्रचार और छवि निर्माण में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर किसान बिजली, पानी और प्रशासनिक सहयोग के अभाव से परेशान हैं। श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के किसान सरकार की इस विफलता को नहीं भूलेंगे और समय आने पर इसका जवाब देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित