भिवानी , अक्टूबर 20 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की जिला कमेटी भिवानी ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 वर्षों के लिए समानांतर वितरण लाइसेंस देने के फैसले का कड़ा विरोध किया है। जिला सचिव ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि इस निर्णय से आम उपभोक्ताओं, किसानों और सरकारी बिजली निगम के हित प्रभावित होंगे।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और नूंह औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र हैं, जहां से सरकारी बिजली निगम को अधिक राजस्व मिलता है। इन क्षेत्रों में निजी कंपनी को वितरण का अधिकार देने से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों, गरीब बस्तियों और कृषि क्षेत्र को सस्ती तथा सब्सिडी वाली बिजली उपलब्ध कराने पर असर पड़ने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित