नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली एक फैक्ट्री में कुछ दिन पहले लगी भीषण आग के मामले में अब एक दुखद और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। फैक्ट्री परिसर के अंदर से कल रात एक कर्मचारी का जला हुआ शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले का निवासी था और घटना के समय फैक्ट्री में रात्रि ड्यूटी पर तैनात था।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले नोएडा सेक्टर-4 की इस फैक्ट्री में देर रात अचानक आग लग गई थी। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई थी और कई कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। आग पर काबू पाने के बाद जब कर्मचारियों की गिनती की गई तो पता चला कि एक कर्मचारी उपेंद्र कुमार लापता है। इसके बाद से ही पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन उसकी तलाश में जुट गए थे।
पिछले तीन दिनों से फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच कल देर रात फैक्ट्री परिसर के अंदर मलबे और जले हुए हिस्से की दोबारा तलाशी के दौरान एक जली हुई लाश बरामद हुई। जांच के बाद शव की पहचान लापता कर्मचारी उपेंद्र कुमार के रूप में की गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के परिवार में इस घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुमार परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में, फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित