चंडीगढ़ , मार्च 19 -- हरियाणा में सिरसा लोक सभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में बिजली बिलों के माध्यम से आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर गहरी चिंता जताई है।

उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर अब फ्यूल सरचार्ज, फिक्स चार्ज और अन्य अतिरिक्त शुल्क लगाकर और दबाव डाला जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में फ्यूल सरचार्ज, फिक्स चार्ज तथा इलेक्ट्रिसिटी चार्ज जैसे विभिन्न मदों के नाम पर अतिरिक्त राशि जोड़ी जा रही है, जिससे आम परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायतें सामने आयी हैं कि उनके बिलों में म्युनिसिपल टैक्स भी जोड़ा जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है और प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर भरोसा करते हुए अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाये हैं, उन्हें भी फिक्स चार्ज और फ्यूल चार्जके नाम पर भारी बिल भेजे जा रहे हैं। यह स्थिति न केवल गलत है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की नीति के भी खिलाफ है।

कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार से मांग की कि बिजली बिलों में लगाये जा रहे सभी अतिरिक्त शुल्कों की तुरंत समीक्षा की जाये। ग्रामीण उपभोक्ताओं के बिलों में गलत तरीके से जोड़े गए टैक्स को तत्काल प्रभाव से हटाया जाये और सोलर उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाये। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी तंत्र सुनिश्चित किया जाये।

उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना जनविरोधी कदम है। कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित