मथुरा , मई 18 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए गलत बिजली बिलों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। जिला मुख्यालय में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक लोकसभा सांसद हेमा मालिनी की अध्यक्षता तथा राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह की सह-अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी, रोजगारपरक तथा गरीबी उन्मूलन योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनका लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, विभिन्न क्षेत्रों के विधायकगण, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। हेमा मालिनी ने बिजली अधिकारियों से अधिकमास के दौरान परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम गठित करने, छटीकरा चौराहे पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा मथुरा-बरेली एक्सप्रेस-वे के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि बाढ़ और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत राशि के रूप में करोड़ों रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।
बैठक का मुख्य आकर्षण "सखी अन्नपूर्णा किचन" सेवा का शुभारंभ रहा। सांसद हेमा मालिनी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 'यमुना मईया स्वयं सहायता समूह' की महिलाओं द्वारा संचालित इस पहल का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस योजना के अंतर्गत आम जनता को प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग में शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही यह पहल ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित